केंद्र सरकार ने बिहार समेत पांच राज्यों में नए राज्यपाल की नियुक्ति की है। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को बिहार का राज्यपाल बनाया गया है। आरिफ मोहम्मद खान बिहार के 42वें राज्यपाल होंगे। वह राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर की जगह लेंगे।
राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को इसकी अधिसूचना जारी की। राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने 17 फरवरी 2023 को बिहार के राज्यपाल के रूप में पदभार ग्रहण किया था। इस तरह वे एक वर्ष 12 माह बिहार के राज्यपाल रहे।
पूर्व सेना प्रमुख जनरल विजय कुमार सिंह (वीके सिंह) को मिजोरम और कुछ समय पहले तक गृह सचिव रहे अजय कुमार भल्ला को मणिपुर का राज्यपाल नियुक्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है तथा मिजोरम के राज्यपाल डॉ. हरिबाबू कंभमपति को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया है। कंभमपति की जगह जनरल वीके सिंह भेजे गए हैं। राष्ट्रपति भवन के अनुसार, ये नियुक्तियां उस तारीख से प्रभावी होंगी, जिस दिन वे कार्यभार संभालेंगे।
आरिफ मोहम्मद खान यूपी के बुलंदशहर के निवासी हैं। उनका जन्म 18 नवंबर 1951 को हुआ। वह छह सितंबर 2019 से केरल के राज्यपाल के हैं। श्री खान ने अलीगढ़ मुस्लिम विवि से बीए (ऑनर्स) (1972-73) और लखनऊ विवि से एलएलबी (1977) की डिग्री प्राप्त की। पहली बार 1977 में बुलंदशहर की स्याना सीट से विधायक चुने गये थे। तब उनकी उम्र 26 साल थी। 1980 में कानपुर से सांसद बने। 1989-90 के दौरान केंद्र में ऊर्जा और नागरिक उड्डयन विभाग के मंत्री रह चुके हैं। इसके पहले वह सूचना प्रसारण मंत्रालय में उप मंत्री रहे।
Avilee Salas Gervassio (2025-01-06 23:31:42)
Marqutia De Latour (2025-01-01 01:57:04)
Timotea Grunwedel (2025-02-09 14:21:45)